हजारीबाग , मई 08 -- झारखंड के भारतीय जनता पार्टी जिला हजारीबाग इकाई की ओर से बिजली और पेयजल संकट को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष शुक्रवार को आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री जय नारायण प्रसाद ने किया। प्रदर्शन में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं मनीष जायसवाल, बरही विधायक मनोज यादव तथा हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए भानु प्रताप शाही ने कहा कि हेमंत सरकार में अंचल और प्रखंड कार्यालय दलालों का अड्डा बन गए हैं तथा आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बिजली और पानी जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हेमंत सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बिजली कटौती, पेयजल संकट और स्मार्ट मीटर से जुड़े बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी "हर घर नल जल" योजना को राज्य सरकार जानबूझकर धीमा कर रही है ताकि केंद्र सरकार को इसका श्रेय न मिल सके। नेताओं ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने झारखंड को पेयजल योजनाओं के लिए 12,982 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए, लेकिन राज्य सरकार उसका 40 प्रतिशत भी खर्च नहीं कर पाई। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने घड़ा फोड़कर विरोध जताया और चेतावनी दी कि यदि जल संकट और बिजली समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस दौरान भाजपा की ओर से सात सूत्री मांगें भी रखी गईं। इनमें निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बढ़ी हुई बिजली दर वापस लेने, जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने, फर्जी एवं बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने, बंद पड़े चापाकलों की मरम्मत कराने तथा नल-जल योजना को जल्द पूरा करने की मांग शामिल थी।

कार्यक्रम को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य केपी ओझा, हरीश श्रीवास्तव, अशोक यादव, सुदेश चंद्रवंशी, टुन्नू गोप, दिनेश सिंह राठौड़, गणेश यादव, सर्वेश सिंह, मंजू नंदिनी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

प्रदर्शन में उपेंद्र सिंह, निरंजन मेहता, अजीत बक्शी, मनोरमा राणा, इंद्र नारायण कुशवाहा, जितेंद्र जैन, विवेक सिंह, रमेश ठाकुर, कुलदीप कृष्णा, महेंद्र राम बिहारी, रतन सिंहा, शिवपाल यादव, ऋषि शर्मा, अजीत कुशवाहा, प्रकाश कुशवाहा, विमल गुप्ता, रामाशंकर प्रसाद, श्वेता सिंहा, हेमंती देवी, पूनम कसेरा, निशा चौरसिया, किरण देवी, सोनी पटेल, राजेश चंद्रवंशी, अविनाश कसेरा, तरुण कसेरा, चंदन सिंह, मुकेश सिंहा, मुकुंद साव, कुलदीप पांडे, सुमन कुमार, सुबोध सिंहा, कृष्णा मेहता, नागेश्वर रजक और विजय यादव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित