भिवानी , अक्टूबर 21 -- ) हरियाणा में बिजली वितरण व्यवस्था के निजीकरण के प्रस्ताव के विरोध में बुधवार को किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के आह्वान पर गांव पहाड़ी में सैकड़ों किसानों ने जिला अध्यक्ष राकेश आर्य निमडीवाली के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने आदेश की प्रतियां और हरियाणा सरकार का पुतला फूंककर रोष जताया।
किसानों का विरोध हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) की ओर से गुरुग्राम और नूंह जिलों में बिजली वितरण का लाइसेंस निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को जारी करने के प्रस्ताव संबंधी नोटिस के बाद शुरू हुआ है। प्रस्ताव के तहत गुरुग्राम नगर निगम, मानेसर, सोहना, पटौदी, फर्रुखनगर सहित नूंह, पुनहाना, फिरोजपुर झिरका और तावडू क्षेत्रों में बिजली वितरण की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।
राकेश आर्य निमडीवाली ने कहा कि सरकार बिजली विभाग को धीरे-धीरे कॉरपोरेट घरानों के हवाले करना चाहती है। इसका सीधा असर किसानों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि खेती पहले ही बढ़ती लागत, खाद-बीज की समस्याओं और मौसम की मार से जूझ रही है। ऐसे में बिजली वितरण निजी हाथों में जाने से किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ने और महंगे बिलों का सामना करने की आशंका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित