बाराबंकी , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र में बिजली के तार को लेकर हुए विवाद में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महत्वानी गांव में रविवार को बिजली के तार को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुए पथराव में सुरेंद्र कुमार (50) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी आरती भी चोटिल हो गईं।
मूल रूप से हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र के मदनखेड़ा गांव निवासी सुरेंद्र कुमार पिछले करीब 30 वर्षों से अपनी ससुराल में रह रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार पड़ोसी मंगू ने सुरेंद्र के टिनशेड के ऊपर से बिजली का तार निकाला हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि मंगू पक्ष की ओर से ईंट-पत्थर चलाए गए, जिसमें सुरेंद्र के सीने में ईंट लगने से वह गिर पड़े और उनकी हालत बिगड़ गई।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुंघटेर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल आरती की तहरीर पर पुलिस ने मंगू, उसके पुत्र अमित व सुमित तथा पत्नी ज्ञानवती के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित