भरतपुर , मार्च 12 -- राजस्थान में धौलपुर के नादनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को बकाया बिलों के चलते ट्रांसफार्मर उतारने गई विद्युत विभाग के दल पर ग्रामीणों द्वारा किये गए हमले में विभाग के तीन कर्मचारी घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बकाया बिलों को लेकर बड़रिया और कहारपुरा गांवों में विद्युत विभाग का दल ट्रांस्फार्मर उतारने के बाद लौट रहा था कि 50 से अधिक ग्रामीणों ने रास्ते में पत्थरों और ट्रैक्टर के हल से मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इसके बाद उन्होंने दल पर पथराव किया।

पुलिस ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) राहुल उपाध्याय, कर्मचारी उग्रसेन और गौरव को पत्थर लगने से घायल हो गये। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

इस घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित