बुलंदशहर, मई 03 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर नगर क्षेत्र में दर्दनाक हादसे में बिजली की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार मासूम बच्चे झुलस गए। घटना के बाद परिजन बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हादसा नगर के चांदपुर स्थित बर्फी देवी मोहल्ले में उस समय हुआ, जब बच्चे घर के बाहर नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजनों के अनुसार, हादसे का कारण स्मार्ट मीटर में करंट आना बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
परिजन योगेंद्र सिंह ने बताया कि सभी घायल बच्चे एक ही परिवार के हैं। प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित