खटीमा (ऊधमसिंहनगर) , अगस्त 20 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में बिजली की तार चोरी प्रकरण का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में चार चोरों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज खटीमा में बिजली तार चोरी प्रकरण सामने आया था। अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी ने डायल-112 पर सूचना दी कि ग्राम चंदेली में अज्ञात चोरों ने 11 केवी कृषि फीडर की विद्युत लाइन से केबल काटकर चोरी कर ली है।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सत्रह मील मझौला और उपनिरीक्षक किशोर पंत पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्राम बंदिया में भीम कॉलोनी के पास विद्युत विभाग की टीम के सहयोग से पुलिस ने संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार लोगों को दबोच लिया।

कार से तार के लगभग 165 टुकड़े मिले, जिनका अनुमानित मूल्य लगभग 2.50 लाख रुपए आंकी गई।

पूछताछ के आरोपियों ने स्वीकार किया कि पहले भी खटीमा क्षेत्र में बिजली की तारों की चोरी कर चुके हैं और बाद में वे कबाड़ियों को बेच देते थे। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। गिरफ्तार आरोपियों में अलीम निवासी ग्राम सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, जिला ऊधमसिंहनगर, जुनैद निवासी दोपहरिया रोड़ सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, जिला ऊधमसिंहनगर, मो.अय्यूब निवासी सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, जिला ऊधमसिंहनगर और पिन्टू कुमार सिंह निवासी नगला, थाना पन्तनगर, जिला ऊधमसिंहनगर शामिल हैं। खटीमा थाना में चारों आराेपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित