धार , फरवरी 10 -- मध्यप्रदेश की धार पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के फरार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी मुकेश कटारा पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
पिछले वर्ष अक्टूबर में चिखल्दा के कनिष्ठ यंत्री भारत निहरता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम बैडवालिया-मसानिया रोड पर फीडर के करीब 3 किलोमीटर लंबे एल्युमिनियम तार चोरी हो गए हैं। सिंचाई के समय बिजली गुल होने से क्षेत्र के किसानों में काफी आक्रोश था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए थे।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मुकेश ने कई वारदातों में खुलासे किए हैं। उसने अपने साथियों रहेश मोहरे, विशाल, संजय और अविनाश के साथ मिलकर धार और खरगोन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 15 चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी ने बताया कि उसने मनावर में 5, धरमपुरी में 5, धामनोद, सागौर, तिरला और महेश्वार में एक-एक अपराध चौकरी सिंघाना और उमरबन व बाकानेर में भी चोरियां की वारदातें की थी।
निसरपुर पुलिस ने तकनीकी और कठोर तरीके से संदिग्ध अविनाश उर्फ छोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसके बाद पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ। गिरोह के अन्य सदस्य पहले ही पकड़े जा चुके थे और जेल में हैं, जबकि मुकेश फरार चल रहा था। आरोपी चोरी के तारों को धामनोद के एक कबाड़ी हेमंत शर्मा को बेचते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित