सीहोर , मई 10 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिजली के खंभे तोड़कर लाखों रुपए के बिजली तार चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और वाहन बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सहायक यंत्री उपसंभाग इछावर विदुर दुबे ने चार मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रामनगर और मोलगा के बीच अज्ञात चोरों ने 11 केवी लाइन के 18 खंभे तोड़कर बिजली के तार चोरी कर लिए हैं।
मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अयान खां, जेद हसन, राजेन्द्र मेवाड़ा तथा राजा बामनिया शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब आठ लाख रुपए मूल्य के चोरी गए बिजली तार, घटना में प्रयुक्त कटर और दरांता सहित एक ओमनी वैन जब्त की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित