भरतपुर , अगस्त 24 -- राजस्थान में करौली के सपोटरा-रामठरा सड़क मार्ग पर अंजनी स्कूल के पास सोमवार को बारिश के दौरान सडक पर भरे पानी में टूटकर गिरे 11 केवी बिजली के तार की चपेट में आने से दो पशुओं की मौत हो गयी।

इसी दौरान ग्रामीणों की सतर्कता से स्कूली बच्चों से भरे एक टेम्पो और कई लोग हादसे का शिकार होने से बच गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ था। इसी दौरान बिजली का तार टूटकर पानी में गिरा, जिससे आसपास करंट फैल गया। इसी की चपेट में आने से पृथ्वी मीना के दो पशुओं की जान चली गई। आसपास के लोगों ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और उस परिवार को करंट की चपेट में आने से बचा लिया।

इसी तरह, स्कूली बच्चों को ले जा रहे एक टेम्पो को भी ग्रामीणों ने समय पर रोककर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना बिजली विभाग को दी, लेकिन आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी विभाग के अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे ग्रामीणों में गहरा रोष है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित