बारां , मई 02 -- राजस्थान में बारां जिले के भंवरगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बिजली का तार टूटने से कई घरों में अचानक हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक बालिका गंभीर रूप से झुलस गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ढीकोनिया गांव में देर रात अचानक लाइन फॉल्ट हुआ और बिजली का तार टूटकर गिर गया। इससे सामान्य वोल्टेज लाइन में उच्च वोल्टेज दौड़ गया। इससे घरों में लगे विद्युत उपकरण भी जल गये और लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। पास ही मौजूद एक बालिका झुलस गयी, जिसे परिजनों ने तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए विरोध जताया और मौके पर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइनें लंबे समय से हादसों को न्योता दे रही हैं, लेकिन विभाग द्वारा समय रहते सुधार नहीं किया गया।
उधर, सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस अधिकारी और विधायक ललित मीणा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने और घायल बालिका के उपचार की समुचित व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं विद्युत विभाग द्वारा भी घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित