चंडीगढ़ , अक्टूबर 22 -- हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के लिए निजी कंपनी को लाइसेंस देने के विरोध में हड़ताल कर रहे बिजली कर्मचारियों से आंदोलन छोड़कर सरकार का साथ देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार निजीकरण के खिलाफ है और हरियाणा बिजली विनियामक आयोग के फैसले को विद्युत अपीलीय न्यायाधिकरण (एपीटीईएल) में चुनौती देगी। अगले 5-6 दिनों में अपील दाखिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
विज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार ने विनियामक आयोग के सामने मजबूत वकील के माध्यम से निजी कंपनी का विरोध किया था, लेकिन फैसला सरकार के पक्ष में नहीं आया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग एक स्वायत्त संस्था है और केंद्रीय कानून के तहत कोई भी कंपनी बिजली वितरण के लिए आवेदन कर सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित