चंडीगढ़ , अप्रैल 30 -- शिरोमणि अकाली दल ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली कट के विरोध में गुरुवार को राज्य भर में धरना दिया, जिसके कारण सभी वर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अकाली दल के वरिष्ठ नेता डाॅ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि धरने निर्वाचन हलके के स्तर पर आयोजित किये गये और वरिष्ठ नेतृत्व के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने कहा,''धरने में स्थानीय लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला, जो बार-बार बिजली की आपूर्ति बंद होने और इस समस्या में निपटने में आम आदमी पार्टी की बेपरवाही से तंग आ चुके हैं।''इस अवसर पर एक संदेश में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री की समय पर अल्पकालिक बिजली खरीदने में नाकाम रहने और पहाड़ी राज्यों के साथ समय से बिजली विनिमय समझौता न करने के लिए कड़ी निंदा करते हुए आम आदमी पार्टी को इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, स्पष्ट संदेश देने के लिए पार्टी कैडर के साथ-साथ पंजाबियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंता का विषय है कि पंजाब में लंबे समय तक और लगातार बिजली कटौती के कारण नुकसान हो रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी सरकार झूठे प्रचार और खोखले अभियानों में व्यस्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित