बैतूल , अक्टूबर 01 -- मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (एमपीपीजीसीएल) की सारणी स्थित जमीन पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। जयस्तंभ चौक से करीब 100 मीटर और पावर प्लांट से लगभग 500 मीटर दूर एसबीआई लाइन क्षेत्र में लॉज के पीछे नाले की जमीन पर निर्माण और कब्जे को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले में कंपनी प्रबंधन और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित स्थान पर करीब आधा एकड़ क्षेत्र में निर्माण गतिविधियां चल रही हैं और अतिक्रमण लगातार बढ़ाया जा रहा है। यह मार्ग कंपनी के अधिकारियों और सुरक्षा अमले की आवाजाही वाला प्रमुख रास्ता बताया गया है। ऐसे में लंबे समय से चल रही गतिविधियों की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
बताया गया है कि संबंधित व्यक्ति एमपीपीजीसीएल का सेवानिवृत्त कर्मचारी है। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार उसे लॉज संचालन के लिए करीब 2,200 वर्गफीट जमीन आवंटित की गई थी, जबकि वर्तमान में इससे कहीं अधिक क्षेत्र में कब्जे का आरोप है। हालांकि, वास्तविक आवंटित और किराए पर दिए गए क्षेत्र की पुष्टि कंपनी के संबंधित सिविल विभाग से ही हो सकेगी।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने कंपनी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ समय पहले बकरियों के लिए बांस की बाड़ और छोटा आश्रय बनाने वाली एक महिला के खिलाफ सुरक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई की थी। वहीं लॉज के पीछे बड़े क्षेत्र में कथित अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई में देरी क्यों हुई, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।
सुरक्षा अधिकारी शरद राघव ने बताया कि सिविल विभाग के अनुसार संबंधित व्यक्ति ने रसीद जमा की है और किराया भी दिया जा रहा है। कितनी जमीन का किराया जमा किया जा रहा है, इसकी जानकारी सिविल विभाग ही दे सकता है।
एमपीपीजीसीएल के सहायक अभियंता सिविल अभय गुमास्ता ने बताया कि एसबीआई लाइन में लॉज के पीछे नाले पर अतिक्रमण की जानकारी मिली थी। इस संबंध में संबंधित व्यक्ति को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि यदि कब्जा किया गया है तो उसे हटाना पड़ेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब कंपनी के सिविल विभाग की जांच और प्रस्तावित कार्रवाई से स्पष्ट होगा कि संबंधित जमीन का वैध आवंटन कितना है और कथित अतिरिक्त कब्जे की स्थिति में कितने क्षेत्र पर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित