भोपाल , जुलाई 04 -- मध्य प्रदेश में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने भोपाल कंपनी कार्यक्षेत्र के नर्मदापुरम्, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों के सम्माननीय बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिलों का नगद भुगतान कंपनी के जोन, वितरण केन्द्र कार्यालय, पीओएस मशीन अथवा अधिकृत भुगतान केन्द्रों जैसे एम.पी.ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर पर ही करें और फर्जी मैसेज और कॉल से साइबर जालसाजों से सावधान रहने की अपील की है।

कंपनी ने शनिवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि उपभोक्ताओं को बिजली बिलों के केशलेस भुगतान के लिए कंपनी के पोर्टल (नेट बैंकिंग, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यूपीआई, ईसीएस, बीबीपीएस, कैश कार्ड एवं वॉलेट आदि) फोन पे, अमेजन पे, गूगल पे, पेटीएम एप, व्हाट्सएप पे एवं उपाय मोबाइल एप के माध्यम से भी बिल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।

कंपनी के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि उपभोक्ता को असमय विद्युत विच्छेदन से बचने के लिए किसी निजी मोबाइल नंबर से कॉल कर भुगतान करने हेतु कोई एसएमएस/ व्हाट्सएप जारी नहीं किया जाता है। कंपनी द्वारा जारी किए गए एसएमएस केवल सीसीएमपीसीजेड एवं व्हाट्सएप केवल 07552551222 भेजने वाली आईडी से ही प्रेषित किए जाते हैं। उपभोक्ता किसी अन्य आईडी अथवा निजी नंबर से आए भ्रामक मेसेज से सतर्क रहें।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी अनजान मोबाइल नंबर से आए फोन या व्हाट्सएप मैसेज के आधार पर किसी भी मोबाइल नंबर पर देयकों की राशि अंतरित न करें। साथ ही अपना पिन नंबर भी किसी के साथ साझा न करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित