चंडीगढ़ , अक्टूबर 22 -- हरियाणा के गुरुग्राम-नूंह में निजी कंपनी को बिजली वितरण का लाइसेंस देने के विरोध में बिजलीकर्मियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हड़ताल के पहले दिन गुरुग्राम, हिसार, हांसी, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, झज्जर, फरीदाबाद, पानीपत, पंचकूला, रोहतक, जींद, कैथल, करनाल, यमुनानगर और अंबाला समेत 15 जिलों में इसका असर देखने को मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कई इलाकों में बिजली फॉल्ट ठीक करने कर्मचारी नहीं पहुंचे। करनाल और फरीदाबाद में परेशान लोगों ने जाम लगाकर विरोध जताया। बिजली मंत्री अनिल विज के विधानसभा क्षेत्र अंबाला कैंट के कई इलाकों में भी कल रात से बिजली आपूर्ति बाधित रही।

स्थिति से निपटने के लिए सरकार ने बिजलीघरों पर पुलिस तैनात कर दी है। बिजली अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिजलीकर्मियों से हड़ताल पर नहीं जाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है और संवाद के रास्ते खुले हैं।

गुरुग्राम के 12 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खैटावास, धानावास, गुगाना, कारौला, साढराणा, ताजनगर, पातली और जुडौला समेत कई क्षेत्रों में बिजली गुल रही। सुबह से ब्रेकडाउन के कारण उपभोक्ता आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करते रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित