गोपालगंज , सितंबर 12 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को कहा कि किसानों को बिचौलियों से मुक्त कर सीधे बाजार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार स्वरोजगार से रोजगार का वातावरण तैयार करने के साथ कृषि को अधिक लाभकारी और रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

श्री सिन्हा ने आज गोपालगंज जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित कृषि जन कल्याण संवाद का शुभारंभ करते हुए कहा कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वस्थ कृषि विरासत तैयार करना आवश्यक है। इसके लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने की जरूरत है।

कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाले अनुदान का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। कृषि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे किसान खेती के साथ-साथ अन्य कृषि आधारित गतिविधियों से भी अपनी आय बढ़ा सकें।

उन्होंने कहा कि कृषि भूमि पर अतिक्रमण के कारण खेती प्रभावित होने की शिकायतों पर सरकार गंभीर है। कृषि भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा इस समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संवाद कार्यक्रम में किसानों ने कृषि, अनुदान, खेती की समस्याओं, बाजार की उपलब्धता और अन्य विषयों से संबंधित अपनी समस्याएं एवं सुझाव मंत्री और अधिकारियों के समक्ष रखे और इस संबंध में वहां उपस्थित अधिकारियों की ओर से कई मामलों का मौके पर ही निवारण किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित