नयी दिल्ली , अक्टूबर 5 -- विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी) ने संप्रभु प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म पर कैमरा-केंद्रित एआई विज़न सिस्टम-ऑन-चिप (एसओसी) विकसित करने के लिए बेंगलुरु स्थित मेसर्स बिगएंडियन सेमीकंडक्टर्स को 130 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का करार किया है। यह सहायता अनुसंधान विकास और नवाचार (आरडीआई) कोष के तहत दी जाएगा। कैमरा-केंद्रित एआई विज़न सिस्टम-ऑन-चिप विकसित करने के लिएविज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय की आरे से सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार वीरएआई परियोजना की कुल लागत 260 करोड़ रुपये है। यह सहायता वैकल्पिक परिवर्तनीय ऋण (ओसीडी) के माध्यम से प्रदान की जाएगी।

यह परियोजना निगरानी अनुप्रयोगों, विशेष रूप से सीसीटीवी प्रणालियों के लिए एक सुरक्षित एआई चिप के विकास पर केंद्रित है, जिसका उद्देश्य देश के बाहर विकसित सेमीकंडक्टर और प्रौद्योगिकी आपूर्ति श्रृंखलाओं पर निर्भरता को कम करना है। प्रस्तावित प्लेटफॉर्म को एआई प्रोसेसिंग और स्मार्ट सुविधाओं को सुरक्षा, गोपनीयता और कनेक्टिविटी क्षमताओं के साथ संयोजित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

इस तकनीक को शुरू में भारत और विकासशील देशों (वैश्विक दक्षिण) में सीसीटीवी और निगरानी अनुप्रयोगों के लिए विकसित किया जा रहा है। इस प्लेटफॉर्म को रक्षा, ऑटोमोटिव, औद्योगिक और चिकित्सा क्षेत्रों में भी उपयोग करने की परिकल्पना की गई है, जिससे स्वदेशी एआई-सक्षम सेमीकंडक्टर समाधानों के लिए एक व्यापक बाजार का निर्माण होगा। आरडीआई के सहयोग से, बिगएंडियन सेमीकंडक्टर्स प्रौद्योगिकी के विकास के काम को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी आगे के प्रौद्योगिकी विकास, सत्यापन, एकीकरण, परीक्षण और स्केल-अप का काम करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित