जोधपुर , जुलाई 26 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने महिला उद्यमियों का आह्वान किया कि वे अपने उत्पादों की आकर्षक रील और डिजिटल कंटेंट तैयार करें और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़कर अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाएं। इससे न केवल कारोबार का दायरा बढ़ेगा, अपितु वैश्विक बाजार तक पहुंच भी आसान होगी।

श्री शेखावत रविवार को यहां महिला डिजिटल सशक्तीकरण कार्यशाला में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी उत्पाद की सफलता उसकी गुणवत्ता और पैकेजिंग पर निर्भर करती है। उत्पाद अच्छी गुणवत्ता का होगा और उसकी पैकेजिंग आकर्षक होगी, तो उसकी मांग बढ़ेगी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बेहतर कीमत मिलेगी।

श्री शेखावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक देश में तीन करोड़ महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं और सरकार पांच करोड़ महिलाओं को इस मुकाम तक पहुंचाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

श्री शेखावत ने कहा कि जिस दिन महिलाएं 'करोड़पति बनने' का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेंगी, उस दिन जोधपुर की महिलाएं सबसे आगे दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डिजिटल सशक्तीकरण कार्यशाला में दी गई यह ट्रेनिंग महिलाओं के जीवन में एक नया अध्याय लिखेगी और उन्हें आत्मनिर्भरता तथा आर्थिक समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित