भागलपुर,31मई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि पूर्वी बिहार और सीमांचल की जीवनरेखा कहलाने वाली क्षतिग्रस्त विक्रमशिला गंगा सेतु पर बेली ब्रिज का काम अंतिम चरण में है और आगामी आठ जून से इस पर छोटी गाड़ियों का परिचालन शुरू हो जायेगा।

श्री चौधरी ने कहा कि इस पुल के समांतर निर्माणाधीन पुल को जून 2028 तक चालू कर दिया जाएगा, जिससे इस समस्या का स्थाई समाधान हो जायेगा।

मुख्यमंत्री ने आज यहां क्षतिग्रस्त विक्रमशिला गंगा पुल का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त पुल के बगल में बन रहे गंगा पुल का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है और 30 जून ,2028 से पुल को आवागमन के लिए चालू कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस या पुल के शुरू होने से पूर्वी बिहार और सीमांचल का सड़क संपर्क फिर से जुट जाएगा। उन्होंने कहा कि पथ निर्माण विभाग और राज्य पुल निगम के अधिकारी पुल के निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

श्री चौधरी ने बताया कि पुराने विक्रमशिला गंगा पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बेली ब्रिज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और आगामी आठ जून से छोटे वाहनों का इस पर परिचालन शुरु कर दिया जाएगा। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से बेली ब्रिज का निर्माण युद्धस्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस कार्य में हरसंभव सहयोग कर रही है।

उल्लेखनीय है कि विगत माह विक्रमशिला गंगा पुल के दो स्पैन के एक बड़े हिस्से के टुट कर गंगा में गिर जाने के चलते भागलपुर और नवगछिया की ओर से आवागमन को बंद कर दिया गया है। जिससे पूर्वी बिहार और सीमांचल का संपर्क कट चुका है। दोनों तरफ़ के आमजनों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन के द्वारा वैकल्पिक मार्ग के रुप में बड़ी संख्या में स्टीमर और नावों का परिचालन कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित