फिरोजाबाद , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद स्थित 200 सैया युक्त स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं 100 सैया युक्त संबद्ध चिकित्सालय का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री सीधे जनरल वार्ड पहुंचे और वहां भर्ती मरीजों से संवाद किया। उन्होंने मरीज बालकिशन से पूछा कि अस्पताल से दवाएं मिल रही हैं या बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं। इस पर मरीज ने बताया कि उसे अस्पताल परिसर से ही दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने वार्ड में भर्ती एक अन्य मरीज शिल्पी से भी बातचीत कर स्वास्थ्य की स्थिति तथा उपचार संबंधी जानकारी ली।

उपमुख्यमंत्री ने एनआईसीयू समेत अन्य महत्वपूर्ण विभागों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, उपकरणों की उपलब्धता तथा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया, साथ ही उन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल, सीएमएस डॉ. नवीन जैन तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को सभी अनुमन्य सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बाहर की दवा लिखे जाने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर ऐसी शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। श्री पाठक ने कहा, "जन सेवा ही प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।" उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, जिलाधिकारी रमेश रंजन, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित