बिलासपुर , अगस्त 26 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर में एक होटल में खराब समोसा परोसे जाने की शिकायत करना ग्राहक को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज होटल संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राहक की पिटाई कर दी। बीच-बचाव के लिए पहुंची पीड़ित की बहन के साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने होटल संचालक और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार ग्राम मरका निवासी दीपक कुमार जायसवाल मंगलवार शाम अपनी बहन, जीजा, भांजी और छोटे भाई के साथ बिलासपुर से गांव लौट रहे थे। रास्ते में परिवार तखतपुर बस स्टैंड स्थित सत्यम स्वीट्स में नाश्ता करने के लिए रुका। इस दौरान दीपक का छोटा भाई और भांजी नाश्ता कर रहे थे, जबकि उनकी बहन और जीजा कुछ समय के लिए बाजार चले गए थे।
बताया गया है कि नाश्ते के दौरान दीपक के छोटे भाई और भांजी ने समोसा खराब होने की बात कही। इस पर दीपक ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन से शिकायत की। दीपक का आरोप है कि शिकायत सुनते ही होटल संचालक नाराज हो गया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा।
दीपक ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि प्रकाश कुमार देवांगन और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद की जानकारी मिलने पर दीपक की बहन भी मौके पर पहुंची और अपने भाई को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। मारपीट में दीपक के गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना के बाद दीपक ने तखतपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन और उसके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहित की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने जांच के दौरान होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी हासिल की है। सामने आए वीडियो में होटल संचालक और उसके साथी दीपक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित