जयपुर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों के प्रभावी समाधान के लिए अनुसंधान आधारित नवाचार और जन जागरूकता जरूरी है।
श्री शर्मा बुधवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में बाल संरक्षण केन्द्र का निरीक्षण के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने पुलिस द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से संचालित केन्द्र में सदस्यों और पुलिस अधिकारियों को बाल संरक्षण कार्यों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बदलते साइबर परिवेश में बच्चों को सुरक्षित रखने तथा बाल लैंगिक अपराधों की रोकथाम के लिए अभिभावकों और संबंधित हितधारकों का क्षमताओं का विकास भी आवश्यक है।
उन्होंने केंद्र से जुड़े अधिकारियों और सदस्यों को बाल संरक्षण के प्रमुख विषयों का गहन अध्ययन तथा विभिन्न जिलों में सामने आ रही समस्याओं पर साक्ष्य-आधारित अनुसंधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुसंधान के निष्कर्षों के आधार पर जागरूकता और क्षमता विकास संबंधी गतिविधियां कराने के लिए कहा। केंद्र का उद्देश्य बाल संरक्षण संबंधी समस्याओं का विस्तृत अध्ययन कर प्रभावी नवाचारों को बढ़ावा देना है।
यूनिसेफ के बाल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार निराला ने साइबर सुरक्षा, बालकों पर लैंगिक अपराधों की रोकथाम और अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कानूनी प्रावधानों के अनुरुप हितधारकों के नियमित प्रशिक्षण तथा क्षमता विकास में विषय विशेषज्ञों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित