उज्जैन , जून 03 -- मध्यप्रदेश बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष निवेदिता शर्मा और सदस्य सोनम निनामा के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान उज्जैन स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में बच्चों द्वारा की गई दुर्व्यवहार की शिकायत के बाद एक होमगार्ड सैनिक और अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार आयोग की अध्यक्ष श्रीमती निवेदिता शर्मा और सदस्य श्रीमती निनामा ने जिले के दो दिवसीय प्रवास के दौरान बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां रह रहे बच्चों ने एक होमगार्ड सैनिक पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।
शिकायत की जांच में अधीक्षक की लापरवाही भी सामने आने पर अधीक्षक मेहताब सिंह परस्ते को उनके मूल पदस्थापना स्थल वापस भेज दिया गया। साथ ही संप्रेक्षण गृह में तैनात समूचे होमगार्ड दल को हटाने के लिए जिला कमांडेंट को पत्र भेजा गया है, जिस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच दल गठित किया गया है, जो एक सप्ताह के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित