हाजीपुर , सितंबर 21 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन एवं श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के दिशा-निर्देश के आलोक में जिले में बाल श्रम के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला में गठित धावादल द्वारा हाजीपुर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाकर एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया।
धावादल द्वारा पासवान चौक रोड, राजपूत कॉलोनी स्थित मेसर्स डाउन टाउन रेस्ट्रो एंड कैफे में जांच के दौरान एक बाल श्रमिक को कार्य करते हुए पाया गया। बाल श्रमिक को तत्काल विमुक्त कराया गया तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए बाल कल्याण समिति, हाजीपुर के समक्ष सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि बाल श्रमिक को नियमानुसार न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था।
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि बाल श्रम के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बच्चों को श्रम में नियोजित करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उनके शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं गरिमापूर्ण भविष्य के अधिकार को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विमुक्त कराए गए बाल श्रमिकों के पुनर्वास के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य पात्र सरकारी योजनाओं से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित