कोण्डागांव , जून 19 -- बाल अधिकार, स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कोण्डागांव के पत्रकार अनुज कुमार नाहरिया को मीडिया फॉर चिल्ड्रेन अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है।
राजधानी रायपुर के होटल सयाजी में आयोजित समारोह में यह सम्मान यूनिसेफ और मीडिया कलेक्टिव फॉर चाइल्ड राइट्स (एमसीसीआर) ट्रस्ट द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और बाल अधिकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय पत्रकारिता करने वाले प्रदेश के विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों एवं फोटोग्राफरों को सम्मानित किया गया।
अनुज नाहरिया को गर्भवती महिलाओं, बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा तथा बाल अधिकारों से जुड़े विषयों पर संवेदनशील और जनहितकारी रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में कोण्डागांव से एमसीसीआर सदस्य राम भारद्वाज भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का विषय ''बाल अधिकारों के लिए सशक्त मीडिया, सुरक्षित बचपन की दिशा'' रखा गया था। इस अवसर पर यूनिसेफ छत्तीसगढ़ की प्रमुख सीमा कुमार ने कहा कि बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में मीडिया रिपोर्ट के आधार पर त्वरित कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाती है।
समारोह में डॉ. गजेंद्र सिंह, डॉ. निर्मला यादव, डॉ. स्मृति देवांगन, अनिल गुलाटी, जॉन राजेश पॉल सहित यूनिसेफ और एमसीसीआर के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित