पौड़ी , अगस्त, 29 -- उत्तराखंड में पौड़ी के राजकीय इंटर कॉलेज क्यार्क में जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला बाल कल्याण समिति, विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को बाल अधिकार एवं संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण, उत्पीड़न अथवा संकट की स्थिति में बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। बच्चों को हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित