रायपुर , जुलाई 14 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित 'मोर गांव-मोर पानी' महाअभियान के अंतर्गत अब तक 2.85 लाख जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इन कार्यों से जिले में 19.23 लाख घनमीटर अतिरिक्त जल संचयन क्षमता विकसित हुई है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार अभियान के तहत जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और हरित विकास के कार्यों को जनभागीदारी के साथ गति दी जा रही है। जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, स्व-सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से विभिन्न जल संरक्षण गतिविधियां संचालित की हैं।

अभियान के तहत शासकीय भवनों में रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली, रिचार्ज शाफ्ट, डबरी, तालाब और ट्रेंच का निर्माण किया गया है। वहीं हैंडपंपों तथा प्रधानमंत्री आवासों में सोख्ता गड्ढों और वर्षा जल संचयन प्रणालियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

भू-जल पुनर्भरण के लिए रिचार्ज पिट, इंजेक्शन वेल, निष्क्रिय बोरवेलों का रिचार्ज, तालाबों का जीर्णोद्धार एवं गहरीकरण, चेकडैम तथा वाटर एब्जॉर्बिंग ट्रेंच जैसी संरचनाओं का निर्माण एवं पुनर्जीवन किया गया है।

विभाग के अनुसार, वीबी-जी राम जी (मनरेगा), वन विभाग, जिला खनिज न्यास (डीएमएफ), विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं और जनभागीदारी के माध्यम से तैयार इन संरचनाओं से भू-जल स्तर में सुधार, भूमि की नमी का संरक्षण तथा खरीफ और रबी दोनों मौसम की सिंचाई क्षमता बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

अभियान में जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, ग्राम विकास समितियों, महिला कमांडो, ग्रीन आर्मी तथा स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से तालाबों और जलाशयों की सफाई, जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता, वृक्षारोपण और सीड बॉल अभियान भी चलाया जा रहा है। जुलाई माह में अब तक तीन लाख से अधिक सीड बॉल का रोपण किया जा चुका है, जबकि दो लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

राज्य सरकार के अनुसार, वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से प्रदेशभर में जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, हरित विकास और ग्रामीण आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित