बालोद , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में स्थित गुंडरदेही ब्लॉक अंतर्गत ग्राम ओटेबंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की शाखा में मंगलवार को आग लग जाने से कंप्यूटर सिस्टम, कैश काउंटर, इन्वर्टर बैटरियां सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी सुरक्षित बचा लिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब आठ बजे बैंक की छत पर बंदरों का झुंड उछल-कूद कर रहा था। इसी दौरान बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आग भड़क उठी। आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर दमकल कर्मियों की टीम भी तत्काल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
गुंडरदेही पुलिस ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है, जबकि नुकसान का आकलन भी जारी है।
बैंक प्रबंधक आर.के. यादव के अनुसार इस घटना में तीन कंप्यूटर, तीन सीपीयू, फोटोकॉपी प्रिंटर, पासबुक प्रिंटर, बैंक काउंटर, सीसीटीवी कैमरा और पूरी विद्युत वायरिंग जलकर नष्ट हो गई है। उन्होंने बताया कि राहत की बात यह है कि बैंक के सभी जरूरी दस्तावेज और नकदी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना के बाद बैंक का नियमित लेन-देन कार्य अगले चार दिनों तक बंद रहेगा। इस अवधि में ग्राहकों और किसानों को अपने कार्यों के लिए नजदीकी अंडा और गुंडरदेही शाखाओं का उपयोग करना होगा। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित