बालोद , अप्रैल 17 -- ) छत्तीसगढ़ के बालोद जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्त मार्ग सदर बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी रंग लेते हुए बड़े आंदोलन में तब्दील हो गया है। भेदभाव के आरोपों के बीच जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई समान रूप से नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि कुछ खास लोगों को राहत दी जा रही है, जबकि अन्य पर सख्ती दिखाई जा रही है, जिसके विरोध में वे घेराव करने पहुंचे।
घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी नगर पालिका अध्यक्ष को बाहर बुलाकर जवाब देने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति उस समय और ज्यादा तनावपूर्ण हो गई, जब नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे माहौल और गरमा गया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की पूरी कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत की जा रही है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर जो व्यावहारिक रूप से संभव है, उसी के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और इसके लिए वे व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार नहीं हैं।
प्रदर्शन में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश सचिव शशि भूषण चंद्राकर, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिलाध्यक्ष गंगा निषाद और उपाध्यक्ष दानी साहू सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। नेताओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर सदर बाजार को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त करने का समय सीमा दी है। उन्होंने कहा कि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर बालोद जिला बंद और अन्य उग्र आंदोलन किए जाएंगे।
वहीं, मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसका कोई खास असर नहीं पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित