बालोद, मई 10 -- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में बालोद जिले के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है,जिसकी जानकारी रविवार को विभाग ने दी। जिले के शैक्षणिक परिणामों की समीक्षा के बाद विभाग ने आठ प्राचार्यों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि 14 अन्य प्राचार्यों की वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी गई है।
शिक्षा विभाग की समीक्षा रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया कि कई विद्यालयों में उत्तीर्ण प्रतिशत मात्र 30 से 47 प्रतिशत के बीच रहा, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया है। परिणामों में गिरावट को लेकर विभाग ने संबंधित विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की जवाबदेही तय करते हुए यह कार्रवाई की है।
मॉडल स्कूलों में शामिल पीएमश्री विद्यालय भी इस कार्रवाई की जद में आ गए हैं। अपेक्षित बेहतर प्रदर्शन न कर पाने के कारण इन स्कूलों पर भी विभागीय सख्ती बरती गई है।
जिले की शैक्षणिक रैंकिंग में भी गिरावट दर्ज की गई है। 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में बालोद जिला राज्य में 29वें स्थान पर रहा, जबकि 12वीं के परिणामों में यह 30वें स्थान पर पहुंच गया, जो राज्य के निचले पायदानों में शामिल है। आंकड़ों के अनुसार 10वीं में लगभग 2520 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हुए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और सभी विद्यालयों का विस्तृत अकादमिक मूल्यांकन किया जाएगा। शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परिणाम सुधारने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित