बालोद, 25 अप्रैल 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के बालोद जिला मुख्यालय में एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा बैंक में कार्यरत युवती से सरेआम अश्लील इशारे करने का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान जानी खान के रूप में हुई है।

जानकारी अनुसार, बैंक कर्मचारी अनामिका अपने साथी कर्मचारियों के साथ जय स्तंभ चौक के पास गन्ने का रस पीने गई थीं। उसी दौरान पास बैठे अधेड़ जानी खान ने उन्हें देखकर लगातार अश्लील इशारे किए। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए उसकी हरकत का वीडियो बना लिया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया।

वीडियो पोस्ट होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और मातृ शक्ति की टीम आज कोतवाली थाने पहुंची। सभी संगठनों ने आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कोतवाली थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जानी खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित