बालोद , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के तांदुला नहर क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां तेज जल प्रवाह में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी नाबालिग बेटी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना पीपरछेड़ी गांव के पास की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम धोबनपुरी निवासी यमन गंजीर (35) अपनी 12 वर्षीय पुत्री पल्लवी के साथ नहर में उतरे थे। बताया गया है कि वह बेटी को तैरना सिखा रहे थे, इसी दौरान अचानक बढ़े पानी के बहाव में दोनों संतुलन खो बैठे और बह गए।
घटना के समय एक अन्य बालिका दामिनी भी पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई थी, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। खोज अभियान को सुगम बनाने के लिए तांदुला एवं गंगरेल बांध से पानी के प्रवाह को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया। गोताखोरों की टीम लगातार नहर में तलाश अभियान चला रही है।
काफी प्रयासों के बाद गोताखोरों ने यमन गंजीर का शव बरामद कर लिया है, जबकि लापता बच्ची की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक पीपरछेड़ी गांव का दामाद था और अपने ससुराल आया हुआ था।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित