बालोद , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की प्रसिद्ध दूध गंगा सहकारी समिति की मिठाई फैक्ट्री को कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज सील करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार सुबह शहर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संजारी क्लब स्थित फैक्ट्री का औचक निरीक्षण किया, जहां गंदगी देख वे नाराज हो गईं। निरीक्षण के दौरान बन रही मिठाइयों पर चींटियां बैठी मिलीं, वहीं दूध खरीदी केंद्र में मक्खियां भिनभिनाती नजर आईं। इस पर कलेक्टर ने तत्काल अधिकारियों को फैक्ट्री सील करने के निर्देश दिए और मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए भिजवाए।
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री की बदहाल स्थिति सामने आई। नाली का गंदा पानी सीधे परिसर में फैलता पाया गया और जहां मिठाइयां तैयार कर रखी गई थीं, वहां भी साफ-सफाई का अभाव दिखा। दुकान के सामने नालियों में कीड़े बजबजाते नजर आए, जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर ने तत्काल फैक्ट्री सील करने के निर्देश दिए और इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित