बालोद , अगस्त 11 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार सुबह दल्लीराजहरा और कुसुमकसा के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अरमुरकसा निवासी सूर्यकांत कुल्हारा के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दल्लीराजहरा-कुसुमकसा के बीच रेलवे लाइन पर आज सुबह युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर दल्लीराजहरा पुलिस और जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की।
प्रारंभिक जांच में सूर्यकांत कुल्हारा की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होना बताया जा रहा है। बताया गया है कि सूर्यकांत गांव में खेती-किसानी का काम करता था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की परिस्थितियों और युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दल्लीराजहरा पुलिस तथा जीआरपी द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित