बालोद , जुलाई 22 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में कक्षा में कथित रूप से देर से पहुंचने पर सातवीं के एक छात्र से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कसही निवासी प्रमोद साहू की शिकायत पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षक लोकेश्वर निषाद के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 296 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार, उनका 12 वर्षीय पुत्र, जो विद्यालय में कक्षा सातवीं का छात्र है, 20 जुलाई को नियमित रूप से स्कूल गया था। विद्यालय से लौटने के बाद उसने परिजनों को बताया कि एक पीरियड के बाद बाथरूम अवकाश समाप्त होने पर वह लगभग एक मिनट की देरी से कक्षा में पहुंचा। आरोप है कि इस पर शिक्षक ने उसके साथ गाली-गलौज की, कॉलर पकड़कर डांटा, हाथ से उसकी छाती पर प्रहार किया तथा उसका सिर दीवार की ओर टकरा दिया।
परिजनों के अनुसार घटना के बाद छात्र के सिर में दर्द और सूजन की शिकायत हुई। रात होने के कारण उसका घरेलू उपचार किया गया, जबकि अगले दिन 21 जुलाई को उसे शासकीय अस्पताल डौंडीलोहारा ले जाकर उपचार कराया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के समय कक्षा में मौजूद अन्य विद्यार्थियों ने कथित घटना देखी और सुनी। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद छात्र भयभीत है और विद्यालय जाने से इंकार कर रहा है।
डौंडीलोहारा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बुधवार को बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर शिक्षक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2) और 296 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित