बालोद , अप्रैल 26 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक महिला और युवक ने एक ही पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। दोनों के शव रविवार सुबह घर से करीब 45 किमी दूर पेड़ पर लटके मिले।
मामला बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र का है। ग्राम परसोदा में पाकुरभाट मार्ग पर आज सुबह करीब आठ बजे राहगीरों ने मुख्य मार्ग से अंदर खेत में पेड़ पर दोनों को फांसी पर झूलते देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आसपास के थानों से जानकारी लेने पर अर्जुन्दा थाना क्षेत्र से दो लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई। मोबाइल पर फोटो के आधार पर परिजनों ने दोनों की पहचान की।
पुलिस के अनुसार अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम गब्दी निवासी संतोषी बाई यादव (40) और थलेश खरांशु (25) पड़ोसी थे। दोनों के बीच संबंधों की प्रकृति स्पष्ट नहीं है, हालांकि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक महिला के एक बेटा और एक बेटी हैं, जबकि युवक उसके बेटे की उम्र का बताया जा रहा है। महिला शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से बैंक जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और अर्जुन्दा थाने में सूचना दी।
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों शनिवार को घर से निकलकर बस के जरिए झलमला पहुंचे और वहां से पैदल परसोदा के खेत तक गए, जहां एक ही पेड़ पर फांसी लगा ली। मौके से दोनों के चप्पल भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को जिला अस्पताल बालोद के मर्च्युरी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित