बालोद , जुलाई 22 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के पदभार संभालने के बाद बालोद जिले में अवैध शराब के कारोबार और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। चार दिनों (17 से 20 जुलाई) में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25 मामले दर्ज कर 25 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस से बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सनौद क्षेत्र के ग्राम अरकार में 17 जुलाई को की गई कार्रवाई में लोकेन्द्र कुमार कोसरे को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 39 पौवा देशी प्लेन शराब (7.020 बल्क लीटर), 11.50 बल्क लीटर महुआ शराब तथा बिक्री की 500 रुपये की राशि जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 5,920 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

18 जुलाई को मिशन नवचेतना अभियान के तहत आबकारी अधिनियम के नौ प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें देवरी थाना क्षेत्र के पांच मामलों में 24 पौवा (4.320 बल्क लीटर) देशी शराब और 200 रुपये नकद जब्त किए गए। वहीं बालोद थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ चार प्रकरण दर्ज किए गए।

19 जुलाई को बालोद, सनौद, अर्जुन्दा और डौण्डी थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(च)(1) के तहत 15 मामले दर्ज कर 15 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके बाद 20 जुलाई को मिशन नवचेतना अभियान के तहत थाना पुरूर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित ग्राम मरकाटोला के एक ढाबे में दबिश देकर संचालक राजू साहू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब (5.400 बल्क लीटर) जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 2,400 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक चव्हाण ने जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। अपराध समीक्षा बैठक में थाना प्रभारियों को अवैध शराब, सट्टा, जुआ और गांजा के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित