बालोद , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ में बालोद जिले की कक्षा 9वीं की छात्रा हिमांशी साहू ने अपनी प्रतिभा के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रतिष्ठित ''यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम (युविका) 2026'' में स्थान बनाया है।

उन्होंने इस चयन के साथ न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कन्नेवाड़ा की छात्रा हिमांशी ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच यह सफलता प्राप्त की।

जानकारी के अनुसार देशभर से लाखों छात्रों के बीच आयोजित चयन प्रक्रिया में उन्होंने छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अखिल भारतीय स्तर पर उनकी रैंक 112वीं रही।

इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने भी गर्व व्यक्त किया। बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में हिमांशी को प्रशस्ति पत्र, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कलेक्टर ने कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उल्लेखनीय है कि हिमांशी पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। उन्होंने ताइक्वांडो में राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल की है, वहीं स्काउट-गाइड और रेड क्रॉस से जुड़े कार्यक्रमों में भी भागीदारी निभाई है।

इसरो का कार्यक्रम युविका कक्षा नौ के विद्यार्थियों के लिए आयोजित दो सप्ताह का आवासीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि विकसित करना है। कार्यक्रम पूरी तरह से वित्तपोषित होता है और चयनित छात्रों को वैज्ञानिक गतिविधियों से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित