अलवर , मार्च 13 -- राजस्थान में अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बालिका के अपहरण का प्रयास ग्रामीणों ने विफल कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बीघोता गांव में एक कार में सवार तीन बदमाशों ने घर के बाहर खेल रही पांच वर्षीय बालिका काे उठाकर गाड़ी में डाल लिया और वहां से भाग निकले। इस बीच बालिका के चिल्लाने और परिजनों द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीणों ने मोटर साइकिलों से बदमाशों की गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। खुद को घिरता देख बदमाश घबरा गए और गांव से कुछ दूरी पर बालिका को चलती गाड़ी से सड़क पर फेंककर दौसा की ओर कच्चे रास्तों से भागने लगे।
सूत्रों ने बताया कि ग्रामीणों के पीछा करने के कारण तेज रफ्तार से चल रही बदमाशों की कार अनियंत्रित होकर एक गहरी खाई में जा गिरी। इसके बाद तीनों बदमाश गाड़ी से निकलकर पास की पहाड़ियों में चढ़ गए। ग्रामीणों ने पहाड़ों में भी उनका पीछा किया, लेकिन उबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण बदमाश झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित