जौनपुर , सितम्बर 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह ने रविवार को कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज और देश के विकास के आधारशिला है।
जिले में महाराज गंज क्षेत्र के केवटली स्थित सर जेपी महिला महाविद्यालय में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर संकल्प सेवा अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व गृह राज्यमंत्री, महाराष्ट्र कृपाशंकर सिंह की पहल पर 176 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 176 बालिकाओं को साइकिल का वितरण 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' की भावना के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र की कोई भी बालिका पैदल स्कूल जाने के लिए मजबूर न हो और आर्थिक अथवा आवागमन की समस्या के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं को साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनके समय की भी बचत होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी प्रतिष्ठा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश रक्षा, तकनीक और अन्य क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। श्री सिंह ने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल सहित आधुनिक रक्षा उपकरणों का निर्माण भारत में हो रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भी औद्योगिक और विकास गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व की पहचान केवल उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बावजूद कृपाशंकर सिंह लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसेवा के कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृपाशंकर सिंह ने जौनपुर से निकलकर मुंबई में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई तथा महाराष्ट्र सरकार में गृह राज्यमंत्री के पद तक पहुंचे। सीमा द्विवेदी ने भाजपा सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपने कार्यों के माध्यम से जनता के बीच जा रही है, जबकि विपक्षी दल सरकार के खिलाफ तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित