मुंबई , नवंबर 16 -- महाराष्ट्र सरकार ने बालासाहेब ठाकरे राष्ट्रीय स्मारक सार्वजनिक न्यास का पुनर्गठन किया है जिसमें शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव बालासाहेब ठाकरे को फिर से अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

सरकारी प्रस्ताव के तहत ग्यारह सदस्यों वाले एक शासी निकाय का गठन किया गया है। सदस्यों का कार्यकाल अलग-अलग होगा। श्री उद्धव ठाकरे पाँच साल के कार्यकाल के लिए अध्यक्ष पद पर कार्यरत रहेंगे। पूर्व मंत्री सुभाष राजाराम देसाई को सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व मंत्री आदित्य उद्धव ठाकरे इस निकाय में सदस्य के रूप में शामिल होंगे। श्री देसाई और श्री आदित्य को पांच-पांच साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक पराग अलावानी और पूर्व विधायक शिशिर शिंदे को तीन-तीन साल के कार्यकाल के लिए न्यास में नियुक्त किया गया है।

पुनर्गठित निकाय में चार पदेन अधिकारी भी शामिल हैं। ये पदेन अधिकारी महाराष्ट्र सरकार के मुख्य सचिव, शहरी विकास प्रभाग के प्रधान सचिव, विधि एवं न्याय विभाग के प्रधान सचिव और बृहन्मुंबई नगर निगम के आयुक्त होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित