नयी दिल्ली 01अक्टूबर (वार्ता) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के बालाघाट में आदिवासी परिवारों से मुलाकात के बाद राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाये और कहा कि यहां आकर ऐसा लगा, जैसे हिंदुस्तान के बीच में ही हिंदुस्तान की सरकार नहीं है।

श्री गांधी ने कहा कि क्षेत्र में कई बच्चों की मौत कुपोषण और अन्य बीमारियों के कारण हुई है, लेकिन प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है। यहां लोगों के सामने जमीन, वन अधिकार अधिनियम और मनरेगा से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं। कई परिवारों ने अपने बच्चे खो दिए, लेकिन उनके मुताबिक अभी भी आधे लोगों को मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने सरकार से अपनी जिम्मेदारी निभाने और बालाघाट के लोगों को स्कूल, अस्पताल तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 24 घंटे विकास की बात करती है, लेकिन जिम्मेदारी निभाने के समय गायब हो जाती है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में दो योजनाएं चल रही हैं तो लोगों को दोनों का लाभ मिलना चाहिए, लेकिन एक योजना का लाभ देकर दूसरी योजना से उनका नाम काट दिया जाता है।

श्री गांधी ने कहा कि बालाघाट की स्थिति देखकर उन्हें काफी दुख हुआ है। उन्होंने प्रभावित परिवारों से कहा है कि कांग्रेस सरकार में आने पर उनकी मदद करेगी। उन्होंने कहा, "हम इन्हें वनवासी नहीं, आदिवासी कहते हैं और ये हिंदुस्तान के पहले मालिक हैं।" उन्होंने कहा कि आदिवासियों को देश में सम्मानजनक जगह और जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वह बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत का मुद्दा संसद में उठायेंगे और देशभर में आदिवासियों के साथ हो रहे अन्याय का सवाल भी में रखेंगे। उन्होंने बालाघाट की स्थिति को मध्य प्रदेश सरकार की विफलता बताया। बच्चों की मौतों की संख्या और कारणों को लेकर सरकारी जांच में हालांकि अलग-अलग स्वास्थ्यगत कारण सामने आये हैं और किसी एक बीमारी को सभी मौतों की एकमात्र वजह नहीं बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित