नयी दिल्ली , अगस्त 24 -- आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर मध्य प्रदेश के बालाघाट और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आदिवासी बच्चों की मौतों को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।
श्री भूरिया ने कहा कि बालाघाट में कुपोषण और बीमारियों के कारण बैगा समाज के 22 बच्चों की मौत हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह महीने से घर पहुंचने वाला पोषण आहार बंद है और निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 20 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में टीकाकरण भी 80 प्रतिशत से कम है। श्री भूरिया ने कहा कि सरकार ने मृतक बच्चों के परिवारों को केवल 20 हजार रुपये की सहायता दी, जबकि गलती बच्चों की नहीं बल्कि उस व्यवस्था की है, जिसमें आदिवासी विकास के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित