बीजापुर , फरवरी 15 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत संचालित 127 बालवाड़ियों के शिक्षकों का पांच दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), शंकर नगर रायपुर के निर्देशन तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के प्राचार्य वेंकट रमन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
जिला पीआरओ से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण 11 से 15 फरवरी तक ब्लेंडेड मोड (मिश्रित पद्धति) में आयोजित किया गया। इसमें 11 और 12 फरवरी को दो दिवसीय ऑनलाइन सत्र आयोजित किए गए, जबकि 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय ऑफलाइन सत्र डाइट परिसर में संपन्न हुए। ऑफलाइन प्रशिक्षण का शुभारंभ पूजा-अर्चना एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। प्रशिक्षण में एससीईआरटी द्वारा प्रशिक्षित जिला संसाधन समूह (डीआरजी) के सदस्यों ने शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) के महत्व, थीम आधारित शिक्षण, अधिगम शैली, बुनियादी साक्षरता एवं भाषा शिक्षण तथा संख्यात्मक ज्ञान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों को शिक्षण रणनीतियों, टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) के प्रभावी उपयोग, कक्षा प्रबंधन एवं अनुकूल शिक्षण परिवेश निर्माण के गुर सिखाए गए। इसके अलावा प्रारंभिक वर्षों में बच्चों के आकलन के तरीकों पर भी विशेष रूप से कार्य किया गया।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन डाइट प्राचार्य वेंकट रमन ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान की नींव मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को बालवाड़ी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक वर्षों में दी गई गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के भविष्य को आकार देती है।
मास्टर ट्रेनर्स पवन सिन्हा, चिमन लाल चंदेल, बल्लू राम नेताम एवं सुनील साहू ने एससीईआरटी के दिशा-निर्देशानुसार सभी विषयगत अवधारणाओं को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की समझ का आकलन करने के लिए प्री-टेस्ट एवं पोस्ट-टेस्ट भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों की उपस्थिति में फोटो सेशन के साथ हुआ।
यह प्रशिक्षण जिले में एफएलएन के सफल क्रियान्वयन और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित