कोरबा , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित भारत एल्यूमिनियम कंपनी (बालको) प्रोजेक्ट में शुक्रवार को सैकड़ों कर्मचारियों की हड़ताल के चलते कामकाज पूरी तरह ठप हो गया।

एलएंडटी कंपनी के तहत कार्यरत मजदूरों ने आज सुबह से ही कार्य बहिष्कार कर प्रोजेक्ट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी मजदूरों ने प्लांट के भीतर स्थित प्रोजेक्ट कार्यालय और अन्य इकाइयों का घेराव कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। हड़ताल के कारण प्रोजेक्ट में चल रहे निर्माण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं।

मजदूरों की मुख्य मांग 'समान वेतन-समान काम' को लागू करने की है। उनका कहना है कि पानीपत और सिंगरौली जैसे अन्य प्लांट्स में कार्यरत कर्मचारियों को अधिक वेतन और बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, जबकि बालको में अब भी पुराने वेतनमान लागू हैं, जो श्रम कानूनों के अनुरूप नहीं है।

हड़ताल में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर और सहायक कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हैं। कर्मचारियों ने प्लांट के विभिन्न गेटों पर डेरा डाल रखा है। नाइट शिफ्ट से लौट रहे कर्मचारियों को बाहर आने दिया जा रहा है, जबकि बाहर मौजूद कर्मचारियों को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

मजदूरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल, बालको प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित