भीलवाड़ा , अप्रैल 22 -- बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (बीसीआर) के चुनाव के लिए बुधवार को सुबह आठ बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हो गयी।

करीब आठ वर्ष के लंबे अंतराल के बाद हो रहे इन चुनावों को लेकर वकीलों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भीलवाड़ा मतदान केंद्र पर सुबह से ही अधिवक्ताओं की लंबी कतारें नजर आयीं।

भीलवाड़ा जिले से इस बार सुरेश श्रीमाली, नीरज गुर्जर, रामपाल शर्मा और गोपाल सोनी प्रत्याशी के रूप में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिले के कुल 2170 अधिकृत मतदाता अधिवक्ता शाम पांच बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वैसे पूरे राज्य में 23 पदों के लिए 234 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 84 हजार से अधिक वकील कर रहे हैं।

चुनाव अधिकारी सत्यनारायण चांडक ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं। मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल, कैमरा, स्कैनर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगायी गयी है। केवल अधिकृत मतदाताओं को ही गहन जांच के बाद केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। नियमों की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मतदान से 36 घंटे पहले ही सभी प्रकार का प्रचार बंद करवा दिया गया था।

उन्होंने बताया कि शाम पांच बजे मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद सभी मतपेटियों को सील करके जिला न्यायाधीश के पास जमा करवाया जाएगा। इसके बाद कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अगले दिन इन मतपेटियों को जोधपुर भेजा जाएगा। बीसीआर चुनाव के परिणामों के लिए मतगणना 29 अप्रैल से जोधपुर में शुरू होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित