भरतपुर , जून 15 -- राजस्थान के भरतपुर में बयाना के बंध बारैठा अभयारण्य में डेरा जमाने वाले चीता केपी-3 की मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान के लिए रवानगी के साथ ही बंध बारैठा क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

वन विभाग के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि चीता केपी-3 ने मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर करौली एवं धौलपुर के वन्य क्षेत्र में भ्रमण करने के बाद करीब दो सप्ताह पहले भरतपुर जिले के बयाना के बंध बारैठा अभयारण्य में डेरा डाल दिया था।

रविवार देर शाम उसे बेहोश करके कूनो राष्ट्रीय उद्यान में स्थानांतरित कर दिया गया। बताया गया कि चीता केपी- 3 वर्तमान में अपनी प्रजनन आयु में है, ऐसे में कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों की संख्या बढ़ाने और उसकी पारिस्थितिकीय और जैविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उसे वापस भेजा गया है।

इन दो सप्ताह में चीता केपी- 3 के दिन में खुलेआम धूप सेंकना, शाम के वक्त पानी पीने जलाशय पर आना और कभी-कभी बीच रास्ते पर बैठकर राहगीरों को चौंका देने की अनोखी हरकतों के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे, जिससे वह रातों-रात इस क्षेत्र का 'किंग' बन गया था। ग्रामीणों ने कहा, " हम रोज सुबह उठकर उसका इंतजार करते थे। वह आता था, थोड़ी देर आसपास घूमता और फिर जंगल में लौट जाता था।"चीता केपी-3 की विदाई की खबर के बाद वन्यजीव प्रेमियों में निराशा छा गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित