चंडीगढ़ , अक्टूबर 11 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंडियों में धान खरीद के अपर्याप्त प्रबंधों को लेकर रविवार को भगवंत मान सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण मंडियों में किसानों का धान भीग गया है और खरीद व्यवस्था में कमी के चलते किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

श्री जाखड़ ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने धान की सरकारी खरीद के लिए आवश्यक धनराशि भेज दी थी, लेकिन आम आदमी पार्टी (आप) सरकार मंडियों में जरूरी प्रबंध करने में विफल रही। उन्होंने दावा किया कि किसानों को उनकी उपज के भुगतान में भारी कटौती का सामना करना पड़ रहा है और किसान तथा आढ़ती विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।

सोशल मीडिया पर साझा संदेश में जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मंडियों का दौरा कर किसानों की स्थिति का जायजा लेने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के मामलों में कानूनी लड़ाई में व्यस्त हैं, जबकि बारिश से किसानों की फसल के साथ उनकी उम्मीदों को भी नुकसान पहुंचा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित