चंडीगढ़ , जुलाई 15 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मानसून से पहले राज्य की बाढ़ तैयारियों पर सवाल उठाते हुए बुधवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने नालों, ड्रेनों और जल निकासी चैनलों की समय पर सफाई नहीं करवाई, जिससे राज्य में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि मानसून शुरू होने के साथ ही पंजाब के लोगों में बाढ़ को लेकर चिंता बढ़ गयी है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न नदियों के तटबंधों में दरारें आने और नहरों व माइनरों में टूट-फूट की खबरों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहरों के नाले और गांवों के ड्रेनेज चैनल अब भी गाद, प्लास्टिक और कूड़े से भरे पड़े हैं। यदि पहली ही तेज बारिश में शहरों और गांवों में जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संसद में केंद्र सरकार द्वारा दी गयी जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पंजाब को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष के तहत केंद्र सरकार ने 481.6 करोड़ रुपये जारी किए। राज्य सरकार के 160.8 करोड़ रुपये के योगदान सहित कुल 642.4 करोड़ रुपये बाढ़ राहत, तटबंधों को मजबूत करने और आपदा प्रबंधन के लिए उपलब्ध थे।
श्री ढिल्लों ने मुख्यमंत्री से पूछा कि यह 642.4 करोड़ रुपये आखिर कहां खर्च किये गये, किन तटबंधों को मजबूत किया गया, किन नालों की सफाई करवाई गई और इन निधियों से कितने लोगों को लाभ मिला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समय पर धनराशि जारी कर अपनी जिम्मेदारी निभाई है, अब पंजाब सरकार को जनता के सामने इन पैसों के उपयोग का पूरा हिसाब देना चाहिए। भाजपा ने मुख्यमंत्री से बाढ़ प्रबंधन को लेकर जवाबदेही तय करने और संभावित आपदा से पहले आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित