भरतपुर , सितम्बर 28 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के मलारना डूंगर क्षेत्र में रविवार देर रात चली तेज हवाओं और बारिश से किसानों की खेतों में खड़ी बाजरा और तिल्ली की तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

कृषि बिभाग के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि खेत में रखी बाजरे की बालियो के बारिश से भीग जाने एवं कटाई के बीच अचानक हुई बारिश से कड़प और बालियों में नमी आने से नुकसान की आशंका बढ़ गयी है।

किसानों ने कहा कि बारिश जारी रही तो बाजरा की कड़प काली पड़ सकती है। इससे गुणवत्ता खराब होगी और पशुओं के चारे की दिक्कत खड़ी हो जायेगी। तिल्ली की फसल में भी दाने झड़ने और गुणवत्ता खराब होने की आशंका है।

मौसम के इस बदलाव से किसानों की मेहनत पर पानी फिरने का डर है। उन्होंने प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वेक्षण करवाकर मुआवजा देने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित